बीकानेर। जिले में नए आए पुलिस अधीक्षक संतोष तुकाराम चालके ने आदेश जारी किया है कि वे केवल तीन समाचार पत्रों और एक न्यूज चैनल के प्रतिनिधियों से ही बात करेंगे. अन्य समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों को कहा गया है कि वे एसपी के नीचे के अधिकारी एएसपी से बात करें. उनका यह अजीब आदेश ई-मेल के जरिए सभी मीडियाकर्मियों को भेजा गया.
बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक संतोष चालके के पीए रामदेव खत्री ने अपनी ई-मेल आईडी से सभी मीडियाकर्मियों को उनके आदेश की प्रतिलिपि भेजी. इसके बाद मीडियाकर्मियों में इसको लेकर हलचल तेज हो गई. सभी मीडियाकर्मिर्यों ने एसपी के इस आदेश की निंदा की. मामला तूल पकड़ता देख पुलिस अधीक्षक ने अपने आदेश को वापस लेते हुए सभी मीडिया कर्मियों को किसी भी वक्त बात करने के लिए आदेश जारी किए. बताया जाता है कि रेंज के पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मीनारायण मीणा ने भी इस प्रकरण का संज्ञान लिया है.
ये है एसपी की तरफ से जारी आदेश, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया…
कार्यालय जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर।
प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक 22-01-2014)
कार्य की अधिकता के कारण पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक मीडिया से बात करना सम्भव नहीं है। अतः प्रशासकीय सुविधा हेतु यह निर्णय लिया जाता है कि राजस्थान पत्रिका, दैनिक भास्कर, टाईम्स ऑफ इण्डिया एवं ई-टीवी राजस्थान इन अखबारों एवं न्यूज से पुलिस अधीक्षक स्वयं बात करेंगे। अन्य सभी प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया समूह से आव्हान किया जाता है कि किसी भी प्रकार की न्यूज एवं सूचना हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) से सम्पर्क कर हमें सहयोग प्रदान करें। दोनों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण को निर्देशित किया जाता है कि वो मीडिया से लगातार संपर्क कर उनको आवश्यक सूचना प्रदान करें। इसके अतिरिक्त सभी थानाधिकारीगण एवं वृत्ताधिकारीगण को भी मीडिया से बात करने हेतु अधिकृत किया जाता है।
जिला पुलिस अधीक्षक,
बीकानेर





