बिहार सरकार ने पत्रकारों को खुश करने का मन बना लिया है. मंत्रिपरिषद की बैठक में पत्रकारों के लिए ग्रुप मेडिक्लेम तथा व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना को मंजूरी दे दी गई है। लगभग तीन हजार पत्रकार इस योजना के तहत लाभान्वित होंगे। बिहार सरकार की इस योजना के तहत पत्रकारों के लिए व्यक्तिगत तौर पर पांच लाख का बीमा तथा साथ में पत्नी एवं दो बच्चों के साथ पांच लाख का पारिवारिक मेडिक्लेम भी शामिल है।
इस योजना में राज्य सरकार बीमा राशि का 80 प्रतिशत रकम देगी। शेष 20 प्रतिशत राशि पत्रकारों को देनी होगी। योजना के लागू होने पर पहले से जारी पत्रकार कल्याण कोष समाप्त कर दिया जाएगा। इस कोष की राशि बीमा योजना मद में हस्तांतरित कर दी जाएगी। इस योजना में प्रति वर्ष बीमा कंपनियों से कोटेशन प्राप्त कर न्यूनतम दर निर्धारित करने वाली एजेंसी के साथ वार्ता के आधार पर बीमा का प्रीमियम निर्धारित किया जाएगा। बीमा योजना के लिए पात्रता एवं शर्तों को निर्धारित करने के लिए नियमावली सूचना एवं जनसम्मर्क विभाग बनाएगा।
2014 के लिए सार्वजनिक उपक्रम की सभी चार बीमा कंपनियों से इस संबंध में कोटेशन प्राप्त किये गए। न्यूनतम दर का कोटेशन देने वाली कंपनी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के द्वारा दर पर वार्ता के बाद ग्रुप मेडिक्लेम एवं ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंट बीमा योजना के लिए प्रति पत्रकार के लिए 7983 रुपये की प्रीमियम राशि पर सहमति जता दी गई है। बताया जा रहा है कि इस बीमा योजना पर कुल 2 करोड़ 69 लाख 10 हजार रुपये का खर्च आएगा, जिसमें लाभ लेने वालों पत्रकारों को 53 लाख 82 हजार रुपए अदा करने होंगे। शेष 2 करोड़ 15 लाख रूपए की राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी।





