भारत में ही नहीं, अमेरिका में भी सांसद बदमिजाज होते हैं. वॉशिंगटन से खबर है कि कैपिटल पर मंगलवार की रात रिपब्लिकन सांसद माइकल ग्रिम ने एनवाई-1 के न्यूज रिपोर्टर को धमकी दी कि वे उन्हें बालकनी से उठाकर बाहर फेंक देंगे. हालांकि सांसद ने बाद में अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने संवाददाता को पेशेवर रवैया अपनाने के लिए मौखिक रूप से समझाया भर था.
वर्ष 2010 के चुनाव प्रचार के लिए अवैध रूप से चंदा उगाहने के एक मामले में न्याय विभाग की जांच का सामना कर रहे ग्रिम से स्टेट ऑफ द यूनियन के बाद रिपोर्टर ने ऑन कैमरा इंटरव्यू चाहा था. रिपोर्टर माइकल स्कॉटो ने उनके ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल पूछने चाहे. जब ग्रिम ने ऐसा करने का कोई इरादा जाहिर नहीं किया तो स्कॉटो को कहना पड़ा कि कांग्रेसमैन माइकल ग्रिम आरोपों को लेकर कोई बात नहीं करना चाहते हैं.
इससे पहले कि कैमरा बंद हो, सवाल से नाराज दिखाई दे रहे ग्रिम रिपोर्टर के पास आए और उन्होंने धमकी की कि वे उन्हें बालकनी से बाहर फेंक देंगे. दूसरी बार सांसद बने ग्रिम पहले एक सैनिक और एक एफबीआई एजेंट रहे हैं. उन्होंने करीब 20 सेकेंड तक स्कॉटो को धमकाया. स्कॉटो का कहना था कि वे तो मात्र एक वैध सवाल पूछना चाह रहे थे. ग्रिम के इस कारनामे को चैनल ने दर्शाया और उन स्थानों को बीप आउट कर दिया जहां-जहां ग्रिम ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था. एनवाई-1 के राजनीतिक निदेशक बॉब हार्ट ने सांसद के इस व्यवहार को 'अस्वीकार्य' बताया. उनका कहना था कि यह बहुत दुखद बात है कि कोई भी आपके रिपोर्टर को धमकाता है लेकिन यह मामला तो एक सांसद से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि वे ग्रिम से माफीनामे की मांग करते हैं.






