मेरठ से खबर है कि एक पत्रकार दंपती ने ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर के दफ्तर पर आत्मदाह का प्रयास किया. सूचना पर पहुंची दंपति को महिला थाने ले आई. पत्रकार दंपति का आरोप है कि तीन महीने पहले इंजीनियर ने उनके साथ अभद्रता की और कैमरा तोड़ दिया था. इस मामले में कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई और न ही इंजीनियर पर कोई कार्रवाई हुई.
एक स्थानीय अखबार के पत्रकार नरेंद्र कुमार गौतम और उनकी पत्नी बॉबी गौतम बुधवार दोपहर चीफ इंजीनियर वीके सिन्हा के दफ्तर पर पहुंचे और अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया. आनन-फानन में वहां पहुंचीं सीओ मनीषा सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइन अजय अग्रवाल और महिला थाना पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और महिला थाने ले आए.
नरेंद्र ने बताया कि तीन माह पूर्व कवरेज के लिए वह वीके सिन्हा के पास गए थे. वहां उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई, कैमरा तोड़ दिया गया. शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके चलते उन्होंने बुधवार को आत्मदाह का ऐलान किया था. सीओ मनीषा सिंह ने बताया कि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है. उधर, ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर वीके सिन्हा का कहना है कि ये पत्रकार दंपति एक मामले में जबरन बाइट देने का दबाव बना रहे थे. इन्कार करने पर मेरे साथ अभद्रता की गई. सिन्हा ने कैमरा तोड़ने का आरोप गलत बताया.






