लुधियाना से खबर है कि कवरेज कराने की कहानी गढ़कर एक ठग ने निजी चैनल के मीडिया कर्मी को ठग लिया. ठग उसका कीमती वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान ले उड़ा. आरोपी मंडी अहमदगढ़ के गांव पंज गराइयां में रहने वाला तरनजोत सिंह संधू है. जवाहर नगर कैंप निवासी बलविंदर सिंह गोल्डी की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
दर्ज शिकायत के अनुसार वीरवार को ठग, कार से मीडिया कर्मी के सराभानगर स्थित ऑफिस पहुंचा. उसने बताया कि वह भैणी साहिब पर एक स्पेशल स्टोरी की कवरेज कराना चाहता है. इसके लिए वीडियो कैमरामैन की जरूरत है. इस पर बलविंदर सिंह गोल्डी को उसके साथ भेजा गया. भैणी साहिब पहुंचकर आरोपी ने गोल्डी को 300 रुपये देकर प्रसाद के लिए बर्फी का डिब्बा लाने के लिए भेज दिया. गोल्डी कार से उतरकर हलवाई की दुकान पर पहुंचा था कि आरोपी अपनी कार लेकर भाग गया. कार में सोनी कंपनी का एक वीडियो कैमरा, दो बैटरी, एक मोबाइल फोन और किट थी. इंस्पेक्टर हरपाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम को रेड करने के लिए भेजा गया है.






