बरेली से खबर है कि एक न्यूज चैनल का पत्रकार अभिषेक मिश्रा सेक्स रैकेट में शामिल है. ऐसा खुलासा तब हुआ जब एक रैकेट का भंडाफोड़ पुलिस ने किया. बरेली में कालगर्ल के साथ अश्लील क्लीपिंग बनाकर लोगों को ब्लैकमेल कराने के रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. दिलचस्प बात यह है कि इस रैकेट के सात आरोपियों में से चार पुलिस कर्मी और एक पत्रकार है.
इस मामले में सुभाषनगर निवासी कुलदीप शंखधार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे. रविन्द्र गौड़ से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी. उसकी जांच पुलिस अधिकारी हेमंत कुटियाल को सौंपी गई. मामला सही पाए जाने पर कालगर्ल रैकेट चलाने वाले सिपाही असगर अली, धर्मेन्द्र कुमार (राजकीय रेलवे पुलिस में तैनात), रविन्द्र एवं जयपाल सिंह समेत सात लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है.
थाना सुभाषनगर में दर्ज कराए गए मामले में अभिषेक मिश्रा नामक पत्रकार भी नामजद है. कुटियाल ने बताया कि रैकेट ने शिकायतकर्ता की क्लीपिंग बनाकर ब्लैकमेल किया और उससे रूपए भी छीन लिए. सभी आरोपियों को धर दबोचने के लिए बल तैनात किया गया था. दो आरोपी गुड्डू और गुरविन्दर पकड़ में आ गए हैं.






