पत्रकार माधवकान्त मिश्र से महामंडलेश्वर बने स्वामी मार्तंड पुरी को भारत की समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं में निष्ठा तथा योगदान के लिए शोभित यूनिवर्सिटी, गंगोह, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश ने मानद प्रोफेसर के दायित्व से अलंकृत किया है। स्वामी मार्तंड पुरी, यूनिवर्सिटी के सेन्टर फार स्पिरिचुएलिटी-रिसर्च एण्ड स्टडीज़ के निदेशक के रूप में आध्यात्मिक ज्ञान-विज्ञान की विश्वस्तरीय प्रतिष्ठा का कार्य करेंगे। महामंडलेश्वर स्वामी मार्तंड पुरी ने 8 फरवरी को अपना दायित्व ग्रहण कर लिया।
ज्ञातव्य है कि माधवकांत मिश्र पिछले पैंतालिस वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अनेक राष्ट्रीय/प्रादेशिक समाचारपत्रों का संस्थापन संपादन किया। इलेक्ट्रानिक मीडिया में आध्यात्मिक चैनेल प्रारंभ करने का श्रेय श्री मिश्र को ही है। अक्टूबर, 2012 में विधिवत सन्यास दीक्षा ग्रहण कर श्री मिश्र स्वामी मार्तंड पुरी बन गये। जनवरी, 2013 के प्रयाग महाकुंभ में इन्हें श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी ने महामंडलेश्वर के पद से सम्मानित किया। स्वामी मार्तंड पुरी पिछले दस वर्षों से पूरे भारत में दुर्लभ रुद्राक्ष के पौधों के रोपण का कार्य कर रहे हैं। लिमका बुक आफ रिकार्ड ने भी इनके इस कार्य को दर्ज किया है।






