इंफाल : स्थानीय अंग्रेजी अखबार के एक पत्रकार के साथ कथित तौर पर मारपीट के आरोप में फर्स्ट इंडिया रिजर्व बटालियन ( आईआरबी ) के एक हवलदार को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस ने बताया कि 10 फरवरी की रात ‘इंफाल फ्री प्रेस’ के वरिष्ठ पत्रकार अरिबाम चाओबा उर्फ धनंजय को कथित तौर पर पीटने के आरोप में फर्स्ट आईआरबी के कमांडेंट की ओर से मोहम्मद मजीबुर रहमान को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है.
पुलिस के मुताबिक घटना की विभागीय जांच करायी जाएगी. हवलदार ने चाओबा की कथित तौर पर तब पिटाई कर दी थी जब वह ड्यूटी के बाद रात करीब साढे ग्यारह बजे अपने घर लौट रहे थे. प्राथमिकी में चाओबा ने कहा कि उन्होंने अपना परिचय पत्र भी दिखाया लेकिन उस पर ‘चोर’ होने का आरोप लगाया गया और इसके बाद उनसे मारपीट की गयी. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सशस्त्र पुलिस) ने कल जारी आदेश में मणिपुर राइफल्स, आईआरबी और राज्य बलों से ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से आम लोगों से व्यवहार में शिष्टता से पेश आने के लिए कहा है.





