इलाहाबाद। लोकल न्यूज चैनल के प्रसारण पर जिला प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। डीएम ने चुनाव पूरा होने तक प्रसारण बंद रखने का फरमान जारी कर दिया है। साथ ही चैनल संचालकों को हिदायत दी है कि लोकल न्यूज चलाने की उनके पास अनुमति पत्र नहीं है तो चैलन का संचालन बिल्कुल न करें, वरना कार्रवाई होगी।
प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर लोकल चैनलों के पास अलग से न्यूज चैनल चलाने के लिए कोई परमीशन नहीं है। ऐसे में पेड न्यूज दिखाने की आशंका बढ़ जाती है। चुनाव तक इन पर नियंत्रण के लिए चैनलों पर प्रतिबंध लगाने के अलावा और कोई चारा नहीं थी। इसी वजह से लोकल न्यूज चैनल पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। उधर, डीएम आलोक कुमार का कहना है कि लोकल न्यूज चलाने की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक चैनल संचालक अनुमति पत्र नहीं दिखाते हैं। अगर उनके पास कोई अनुमति पत्र हैं तो दिखाएं। उसके बाद ही प्रतिबंध हटाया जाएगा।





