गोरखपुर : सदर सांसद योगी आदित्यनाथ मौजूदा विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के चरित्र और चिंतन में आई गिरावट पर पहले ही चिंता, नाखुशी और पीड़ा जता चुके हैं। ऐसे हालात में पार्टी का प्रचार करना उनके लिए मुमकिन नहीं है। बकौल योगी महीने भर चलने वाले खिचड़ी मेले में उनकी व्यस्तता भी प्रचार नहीं करने की एक वजह है। यह पूछने पर कि प्रचार के लिए किसी ने आपसे आग्रह किया है?
उनका जवाब था कि प्रदेश में प्रचार के लिए पार्टी नेतृत्व ने 40 लोगों की जो सूची बनाई है उसमें मेरा भी नाम है, पर मैंने प्रचार न करने का निर्णय लिया है। जब भी चुनाव आते हैं, योगी हठ करने लगते हैं। इस बार भी योगी का हठ जारी है। बताया जा रहा की योगी कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारना चाहते थे लेकिन बीजेपी ने उनकी पूरी बात नहीं मानी। कुछ पर उनके लोगों को टिकट दे दिया है। यहाँ गोरखपुर की सदर सीट से बीजेपी ने योगी के अड़ंगे के कारण ही कोई फैसला नहीं किया है। योगी का पूर्वांचल में काफी बोलबाला माना जाता है। योगी प्रचार में नहीं गए तो बीजेपी का नुकसान होगा।






