दिल्ली में सरकार जाने के बाद 'आप' पार्टी के लिए उत्तराखंड से एक अच्छी खबर है. दो कद्दावर लोगों ने पार्टी का दामन थामा. इसमें एक यहां के प्रसिद्ध लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, तो दूसरी शख्सियत उत्तराखंड राज्य की पहली महिला डीजीपी रहीं कंचन चौधरी हैं. हालांकि इन दोनों का यहां की राजनीति से सीधे जुडाव नहीं रहा है लेकिन इन दोनों का ही अपने अपने क्षेत्रों में खासा दबदबा है. खासतौर से नेगी अपने गीतों के माध्यम से पहले भी राजनैतिक दलों व राजनेताओं को सबक सिखा चुके हैं.
माना जा रहा है कि 'आप' पार्टी राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगी. फिल्वक्त तक किसी भी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है लेकिन पूर्व सांसद टीपीएस रावत, फिल्म स्टार हेमन्त पांडे का 'आप' से चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है. नरेन्द्र सिंह नेगी के पार्टी में आने के बाद अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि वो चुनाव लड़ेंगे या नहीं. यदि वो चुनाव लड़ते हैं तो गढवाल संसदीय सीट पर उनकी दावेदारी होगी. हालांकि टीपीएस रावत भी पूर्व में गढवाल से सांसद रह चुके हैं. उनको पार्टी कहां से चुनाव लड़ाती है, इस पर भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है. हेमंत पांडे का नैनीताल से चुनाव लड़ना तय है. इस स्थिति में यह भी संभावनाएं हैं कि नेगी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करें.
आप के कार्यकर्ता अशोक चौधरी का कहना है कि पार्टी पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव लडेगी. राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम किया जा रहा है. चौधरी का मानना है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के अधार पर आगे की रणनीति तय की जायेगी.
देहरादून से वरिष्ठ पत्रकार बृजेश सती की रिपोर्ट.





