गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआइओ) ने कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया की वैष्णवी समूह की कंपनियों के खिलाफ कंपनी कानून के उल्लंघन के सिलसिले में मुकदमा चलाने की तैयारी शुरू कर दी है. कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने इसकी हरी झंडी दे दी है. इस समूह ने रविवार को कॉरपोरेट मामलों के मंत्री सचिन पायलट से हस्तक्षेप की मांग की. साथ ही पायलट से आग्रह किया है कि जांच एजेंसी पूरी जांच प्रक्रिया का पालन कर रही है या नहीं इसकी जांच करने का आदेश दें.
एसएफआइओ ने हाल ही में कथित उल्लंघनों को लेकर अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट पेश की है. इसमें वैष्णवी समूह की कुछ कंपनियों के महत्वपूर्ण वित्तीय और अन्य ब्योरे नहीं सार्वजनिक करने और बगैर उचित प्रक्रिया का पालन किए लेन देन शुरू करने का आरोप लगाया है. साथ ही एसएफआइओ ने कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय से अभियोजन प्रक्रिया शुरू करने की स्वीकृति मांगी थी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जांच एजेंसी को मुकदमा चलाने की अब अनुमति मिल चुकी है और मामले में कौन सी दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है इस पर विचार किया जा रहा है. इस बीच वैष्णवी कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन ने रविवार को पायलट को पत्र लिखा है. कंपनी ने एसएफआइओ की रिपोर्ट की प्रति भी मांगी है.





