सहारा मीडिया से जुड़े रहे पत्रकार सुबोध जैन ने प्रवर्तन निदेशालय के अफसर राजेश्वर सिंह के खिलाफ ऐलान-ए-जंग कर रखा है. समय-समय पर सुबोध इस अधिकारी के खिलाफ सरकार के कई विभागों में शिकायतें भेजीं. इन शिकायतों पर राजेश्वर सिंह से लिखित रूप से सवाल-जवाब भी हुए. राजेश्वर ने इन सब कंप्लेन से तंग आकर टूजी स्कैम की जांच से खुद को अलग करने का भी अनुरोध अदालत से किया था. सुबोध जैन और राजेश्वर के बीच झगड़ा बड़ा पुराना है. सुबोध जैन की सहारा से नौकरी राजेश्वर सिंह के चलते गई. राजेश्वर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में शिकायत की थी टूजी जांच प्रभावित करने के लिए सहारा के उपेंद्र राय और सुबोध जैन प्रलोभन व धमकी, दोनों तरीकों का इस्तेमाल एक साथ कर रहे हैं.
टूजी घोटाले में सुब्रत राय सहारा का नाम आने पर जांच को प्रभावित करने की कोशिश उपेंद्र राय और सुबोध जैन ने की थी. राजेश्वर की शिकायत का दूरगामी असर ये हुआ कि सुबोध जैन की नौकरी चली गई और उपेंद्र राय भी सहारा में साइडलाइन कर दिए गए. उपेंद्र राय तो फिलहाल चुप्पी साधे हैं और सीधे वार करने की जगह दाएं-बाएं से शीतयुद्ध छेड़े हुए हैं, जबकि सुबोध जैन खुलेआम राजेश्वर की करतूतों का भांडा फोड़ रहे हैं. उन्होंने जो ताजा पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय को लिखा है, उसे यहां दिया जा रहा है. इस पूरे प्रकरण में अगर आप कोई नई जानकारी देना चाहते हैं तो [email protected] पर मेल कर सकते हैं. भेजने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा. -यशवंत, एडिटर, भड़ास4मीडिया






