मुगलसराय (चंदौली) : कानपुर में समाचार संकलन कर रहे पत्रकारों व छायाकारों पर सत्तारूढ़ दल के विधायक इरफान सोलंकी व एसएसपी यशस्वी यादव के इशारे पर किए गए बर्बरतापूर्वक लाठी चार्ज के विरोध में नगर के पत्रकारों ने शनिवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाला। पत्रकारों ने इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामप्रगट यादव को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम एक पत्रक भी सौंपा।
विरोध जुलूस लाल बहादुर शास्त्री पार्क से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए सुभाष पार्क जाकर समाप्त हुआ। यहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि कानपुर की घटना से पत्रकार काफी आक्रोशित व क्षुब्ध हैं।

इस घटना में शामिल विधायक, एसएसपी व अन्य दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल पत्रकारों व छायाकारों को चिकित्सकीय सहायता के साथ ही उचित मुआवजा भी दिया जाए। सौंपे गए पत्रक में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि पत्रकारों के साथ इस तरह के घटना की पुनरावृत्ति न हो तथा पत्रकारों को पूरी सुरक्षा भी प्रदान की जाए। जुलूस व सभा में राजीव कुमार, उदय गुप्ता, कृष्णकांत गुप्ता, संजय अग्रवाल, संदीप कुमार, बृजेश कुमार, शिवशंकर राय, रविंद्र प्रताप सिंह, धर्म प्रकाश शर्मा, श्रीकृष्ण गोंड आदि शामिल थे।






