लोकसभा चुनाव के लिए हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर संस्करण में कार्यरत ज्वाइंट न्यूज एडिटर प्रगति मेहता को भी टिकट मिला है. लालू की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने लोकसभा चुनाव में उन्हें उतारने का फैसला किया है. प्रगति बिहार की मुंगेर लोकसभा सीटे से चुनाव लड़ेंगे. प्रगति अमर उजाला के नोएडा ब्यूरो में भी काम कर चुके हैं. हिंदुस्तान गया संस्करण की लांचिंग में उन्हें वहां का संपादकीय प्रभारी बनाया गया था. वे हिन्दुस्तान, पटना में प्रिंसिपल करेस्पांडेंट के रूप में काम कर चुके हैं. ज्ञात हो कि 2014 के लोस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने आईबीएन7 के पूर्व मैनेजिंग एडिटर आशुतोष और दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो में कार्यरत रहे पूर्व पत्रकार जरनैल सिंह को लोकसभा का टिकट दिया है.
एसिड अटैक की शिकार लक्ष्मी को न्यूज एक्सप्रेस चैनल ने एक शो का एंकर बनाया है. आज आठ मार्च महिला दिवस के दिन से एसिड फाइटर लक्ष्मी न्यूज एक्सप्रेस पर बतौर एंकर नजर आएंगी. लक्ष्मी चैनल के एक कार्यक्रम 'उड़ान' को होस्ट करेंगी. शो शनिवार को रात दस बजे न्यूज एक्सप्रेस पर प्रसारित होगा और इसका पुन: प्रसारण रविवार को सुबह दस बज व शाम आठ बजे किया जाएगा. अमरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने हाल में ही लक्ष्मी को "इंटरनेशनल वूमन ऑफ करेज" अवार्ड से नवाजा था.
सतना से प्रकाशित मध्य प्रदेश जनसंदेश टाइम्स के साथ अमिताभ मिश्र और अनेहस शाश्वत ने नई पारी की शुरुआत की है. अमिताभ मिश्रा लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और कई शहरों में विभिन्न अखबारों के लिए बड़े पदों पर काम कर चुके हैं. उन्हें ज्वाइंट एडिटर बनाया गया है. अनेहस शाश्वत पत्रकारिता की लंबी पारी के बाद अध्यात्म की दुनिया में चले गए थे लेकिन उन्होंने फिर से पत्रकारिता जगत में वापसी की है. उन्हें असिस्टेंट एडिटर बनाया गया है. मध्य प्रदेश जनसंदेश टाइम्स के ग्रुप एडिटर राजेश श्रीनेत हैं. अखबार का भोपाल संस्करण भी जल्द शुरू करने की योजना है.





