लखनऊ : इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने आज राज्य सरकार द्वारा अब तक आईजी ज़ोन तथा डीआईजी रेंज, कानपुर को नहीं हटाये जाने के पर गहरी नाराजगी जताते हुए आदेशित किया कि उनके साथ इस मामले से जुड़े अन्य सभी पुलिसकर्मी को तत्काल कानपुर से हटाया जाये. जस्टिस इम्तियाज़ मुर्तजा और जस्टिस डी के उपाध्याय की बेंच ने यह आदेश डॉक्टरों की हड़ताल के बारे में स्वतः संज्ञान में लिए तथा सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर द्वारा दायर पीआईएल की सुनवाई के समय दिया.
आज वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल तिवारी उत्तर प्रदेश मेडिकल एसोसियेशन की तरफ से उपस्थित हुए और उन्होंने अवकाशप्राप्त जस्टिस आर एम चौहान को न्यायिक जांच आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर ऐतराज़ जाहिर किया. कोर्ट ने आदेशित किया कि कोई भी मेडिकल छात्र अपनी बात न्यायमित्र जे एन माथुर के माध्यम से कोर्ट के सम्मुख रख सकता है. मामले की अगली सुनवाई बुधवार 12 मार्च को होगी.





