आज के इस डिजिटल क्रांति के दौर में खबरें मोबाइल फोन और टैबलेट्स पर बड़ी तेजी से देखी-सुनी जा रही हैं. ऐसे दौर में रेस में बने रहने के लिए मीडिया कंपनियों को खुद को बदलने के लिए तैयार रहना होगा. ये बातें इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन व एडिटर इन चीफ अरुण पुरी ने कहीं. अरुण पुरी ने कहा, 'मीडिया कंपनियों को एक बार फिर से खुद को नए दौर के लिए तैयार करना होगा, नहीं तो इनका वजूद ही समाप्त हो जाएगा. अगर अखबार या मैगजीन से जुड़ी कोई कंपनी है और वह अपने पुराने ढर्रे पर ही चलती जा रही है, तो वह परेशानी में फंस सकती है.'
अरुण पुरी मीडिया व एंटरटेनमेंट पर आयोजित 15वें FICCI फ्रेम्स समारोह में अपने विचार रख रहे थे. उन्होंने इस बात की ओर लोगों का ध्यान खींचा कि आखिर मीडिया कंपनियां किस तरह इस डिजिटल युग में बेहतर तरीके से टिक सकें. कार्यक्रम का आयोजन मुंबई में किया गया. उन्होंने कहा, 'आज सबसे बडी चुनौती यह है कि हम कितने बेहतर तरीके से उपभोक्ताओं को खुद से जोड़कर रख पाते हैं, क्योंकि जानकारियां सिर्फ प्रिंट मीडिया में ही नहीं आ रही हैं. वेबसाइट पर और मोबाइल फोन व टैबलेट्स पर सूचनाएं तेजी से आ रही हैं.'
अरुण पुरी ने कहा कि कंपनियां एक बड़ी गलती यह कर रही हैं कि वे अपने पुराने बिजनेस पर ही ज्यादातर वक्त दे रही हैं. उन्होंने कहा कि ग्रुप का फोकस अब मोबाइल प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट तैयार करने पर होना चाहिए.






