नारनौल : प्रेस क्लब नारनौल की बैठक स्थानीय केशव गार्डन में क्लब के संरक्षक रोहतास सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नारनौल के अलावा नांगल चौधरी, निजामपुर, सिहमा व गोद बलाहा के पत्रकारों ने भी भाग लिया। इस मौके पर प्रेस क्लब की ओर से एक मकर संक्रांत मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। बैठक में सबसे पहले संगठनात्मक कार्रवाई की चर्चा हुई। जिसमें असीम राव ने प्रधान पद से अपना इस्तीफा देने की घोषणा अध्यक्ष रोहतास सिंह यादव के समक्ष की।

केशव गार्डन में आयोजित प्रेस क्लब नारनौल की बैठक में उपस्थित सदस्य।
प्रधान के इस्तीफे के साथ ही दुबारा क्लब के चुनाव कराए गए। जिसमें रोहतास सिंह यादव ने ज्ञान स्वरूप भारद्वाज व ज्ञान स्वरूप भारद्वाज ने महेश गुप्ता तथा हरबंस लाल चौधरी ने असीम राव का नाम प्रधान पद के लिए रखा। इस पर सभी की सहमति से असीम राव को फिर से प्रेस क्लब का प्रधान बनाया गया। वहीं उन्हें 31 जनवरी तक कार्यकारिणी गठन करके संरक्षण मंडल को सौंपने का अधिकार दिया गया। इस मौके पर नारनौल, नांगल चौधरी, निजामपुर, सिहमा व गोद बलाहां के पत्रकार भी उपस्थित थे।





