नयी दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और कांग्रेस के भूतपूर्व सांसद एमजे अकबर आज राजनाथ सिंह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गये। इस अवसर पर अकबर ने कहा कि वो नीति के लिए राजनीति में वापस आए हैं। इस समय देश के सामने जो चुनौतियां है वो सबके सामने हैं। ये देश के लिए कार्य करने का एक अवसर है। उन्होनें साथ काम करने का मौका देने के लिए भाजपा को धन्यवाद दिया।
एमजे अकबर बिहार के किशनगंज से दो बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। वे राजीव गांधी के प्रवक्ता भी रहे हैं। मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनका नेतृत्व देश के लिए जरुरी है। बात सिर्फ इतनी नहीं है कि संकट है, बल्कि अब मैं, मोदी के रूप में, उस संकट का समाधान भी देख रहा हूं। गोधरा दंगों के संदर्भ में मोदी का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, इन दस सालों में मोदी को बहुत सूक्ष्म परीक्षणों से गुजरना पड़ा है। पुलिस, केंद्रीय सरकार, सीबीआई और अदालतों द्वारा गठित संस्थाओं के द्वारा उनका परीक्षण किया जा चुका है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुस्लिम भाजपा के साथ जुडेंगे। उन्होंने कहा कि मुसलमान भी देश में बराबर के नागरिक हैं और उनको ‘‘भय की राजनीति(पॉलिटिक्स ऑफ फीयर)’’ से बाहर आना चाहिए।
एमजे अकबर के भाजपा में शामिल होने और दिल्ली से लोकसभा का टिकट मिलने की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।