दिल्ली: एक चैनल के संवाददाता अतीक मलिक के खिलाफ 20 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने चाकू के बल पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी का साथी चाकू लिए था। मौके पर ही लोगों ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। आरोपी को कड़कड़डूमा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कबीर नगर निवासी 20 वर्षीय महिला अपने पति के साथ रहती है। महिला का पति व्यवसायी है। महिला की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। पीड़ित के अनुसार शनिवार दिन में अतीक मलिक अपने एक साथी के साथ उसके घर आया। उसके पति घर पर नहीं थे। अतीक ने उसके पति से बात की और पति ने उन दोनों को चाय पिलाने के लिए कहा। जब वह चाय बना रही थी कि अतीक के साथ मौजूद युवक ने अचानक चाकू निकाल लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। चाकू की नोक पर अतीक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, लेकिन जैसे ही दोनों जाने लगे महिला ने शोर मचा दिया, जिससे आसपास के लोगों ने अतीक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा। लोगों ने अतीक की पिटाई कर दी बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने अतीक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अतीक के साथी की तलाश कर रही है।