इटानगर। अरूणाचल प्रदेश के मीडिया संगठनों ने चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है कि कांग्रेस ने पत्रकारों को धन की पेशकश की है। अरूणाचल प्रेस और अरूणाचल प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट ने कल दायर अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने 27 मार्च को राजीव गांधी भवन में पार्टी चुनाव घोषणापत्र जारी करने के दौरान मीडियाकर्मियों को धन की पेशकश की थी।
कार्यक्रम में शरीक हुए मीडियाकर्मियों के अनुसार बंद लिफाफों में नकदी पेश की गई है। पत्रकारों ने लिफाफे में धन देख कर तुरंत उसे लौटा दिया। मीडियाकर्मियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मुकुट मिथी और मुख्यमंत्री नबाम तुकी से इसकी शिकायत की तो उन्होंने घटना से अपनी अनभिज्ञता जताई। मुख्य चुनाव अधिकारी चंद्र भूषण कुमार ने मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लेते हुए पार्टी से जवाब तलब किया। कुमार ने कहा, हमने रिपोर्ट पर पार्टी से लिखित जवाब मांगा और दो दिन के अंदर जवाब दिल्ली चुनाव आयोग को भेज दिया जाएगा।





