मैड्रिड। सीरिया में अलकायदा से संबद्ध आतंकवादियों ने स्पेन के दो पत्रकारों को लगभग छह माह तक अपने कब्जे में रखने के बाद रिहा कर दिया है। स्पेन के एक अखबार में रविवार को छपी एक खबर के अनुसार उसके स्टाफ रिपोर्टर जावियर एस्पोनेसा तथा फ्रीलांस फोटो पत्रकार रिकार्दो गाशिया विलानोवा को आतंकवादियों ने तुर्की के अधिकारियों को सौंप दिया है।
दोनों पत्रकार अपने परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए अपने घरों को रवाना हो चुके हैं। अखबार में छपी खबर में कहा गया है कि उनके मध्य एशियाई संवाददाता जावियर ने शनिवार शाम को अपने अखबार के दफ्तर में फोन किया और कहा कि उसे और उसके एक साथी को रिहा कर दिया गया है।
अखबार ने दोनों पत्रकारों की तस्वीर भी छापी हैं और दोनों को स्वस्थ बताया हैं लेकिन इस बारे में ज्यादा विवरण नहीं दिया गया है। स्पेन के विदेश मंत्रालय ने भी दोनों पत्रकारों के आतंकवादियों के चंगुल से रिहा होने की पुष्टि कर दी है, लेकिन इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।





