विंध्याचल (मीरजापुर) से सूचना है कि सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता महिला पत्रकार जंगल के उस स्थान की शिनाख्त नहीं कर पाई जहां उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। युवती को उसके घर पहुंचाने के लिए पुलिस टीम शनिवार की रात उत्तराखंड रवाना हो गई।
बताते चलें कि 27 मार्च की रात में स्कार्पियो सवार लोगों ने अष्टभुजा से अगवा करने के बाद उत्तराखंड की महिला पत्रकार के साथ अकोढ़ी के जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस घटना के बाद पीड़िता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिस गाड़ी का नंबर उसने दिया था पुलिस ने उसको बरामद करने के साथ ही एक आरोपी को पकड़ा था। इसकी शिनाख्त पीड़िता ने की थी। जब कि एक अन्य को भी पुलिस पकड़कर लाई थी।
पीडि़ता का मेडिकल और कलमबंद बयान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की इच्छा के अनुसार उसे उसके घर छोड़ने गई है। सीओ सिटी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि बयान दर्ज कराने के बाद पीड़िता ने घर जाने की इच्छा जताई थी। इस पर विंध्याचल थाना की दो महिला कांस्टेबल और एक सिपाही के साथ पीड़िता और उसके साथ की युवती को उत्तराखंड के हल्द्वानी भेजा गया है। सिपाहियों की टीम शनिवार की रात में त्रिवेणी एक्सप्रेस से लेकर गई है।





