चुनाव आयोग ने सभी मीडिया हाउसों को निर्देश दिया गया है कि वे 7 अप्रैल से 12 मई तक न तो एक्जिट पोल, न ही ओपिनियन पोल और न ही किसी भी तरह के चुनावी सर्वेक्षण का प्रकाशन कर सकेंगे. इस बाबत सभी जिलों के रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश भेज दिया गया है. गुड़गांव से खबर है कि जिले की सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी कोई सर्वेक्षण नहीं करा पाएंगे. इस संबंध में गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी व डीसी शेखर विद्यार्थी ने आदेश जारी किए हैं, जो उन्हें भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से मिले थे.
उन्होंने सभी मीडिया हाउसेज, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और रेडियो एफएम के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 7 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 12 मई को शाम 6:30 बजे तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल या अन्य किसी तरीके से चुनावी सर्वेक्षण का प्रकाशन न करें. उन्होंने लोकसभा चुनाव में खड़े उम्मीदवारों से अपील की है कि वे चुनाव प्रचार के लिए इस अवधि के दौरान किसी भी तरह का चुनावी सर्वेक्षण न कराएं, क्योंकि लोकसभा चुनाव-2014 के आम चुनावों के चलते भारत निर्वाचन आयोग ने इन सभी पर प्रतिबंध लगा दिया है.





