मशहूर बॉलीवुड फिल्म निर्माता रमेश सिप्पी को राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि रमेश सिप्पी को एनएफडीसी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सोमवार को मंत्रालय यह आदेश दे चुका है। रमेश निवर्तमान अध्यक्ष और अनुभवी अभिनेता ओम पुरी के स्थान पर यह पद सम्भालेंगे।
हिन्दी फिल्म उद्योग में चार दशकों से अधिक का समय गुजार चुके 65 वर्षीय रमेश सिप्पी को ‘अंदाज’, ‘सीता और गीता’, ‘शोले’ और ‘शक्ति’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जवाहर वट्टल और उडि़या सिनेमेटोग्राफर ए.के. बीर को भी निगम का स्वतंत्र निदेशक बनाया है। राष्ट्र में सिनेमा के विकास को प्रोत्साहित करने वाली इस संस्था का उद्देश्य भारत में भारतीय फिल्म उद्योग के विकास के लिए योजना तैयार करना और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करना है। इस संस्था द्वारा करीब 300 फीचर फिल्मों का निर्माण किया गया है।





