मांट्रियल : ईरान के सुप्रीम कोर्ट ने कनाडा निवासी एक ईरानी के खिलाफ़ मौत की सजा को बहाल रखा है, जो पोर्नोग्राफ़िक वेबसाइट चलाने का आरोपी था. जस्टिस फ़ोर ईरान के साथ काम करने वाले एक ईरानी वकील ने आरोपी की बहन के हवाले से बताया कि सईद मालेकपुर को मौत की सजा की सुप्रीम कोर्ट ने पुष्टि कर दी है. जून में इस सजा को रद्द कर दिया था.
वकील शादी सद्र ने कल ब्रिटेन से फ़ोन पर बताया, मैंने दो दिन पहले उसकी बहन से बातचीत की थी और उसने मुझे बताया कि सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने मौत की सजा को बहाल रखा है. अब इस सजा को कभी भी अमली जामा पहनाया जा सकता है. 36 वर्षीय कम्प्यूटर इंजीनियर मालेकपुर को दिसंबर 2010 में पोर्नोग्राफ़ी वेबसाइटें तैयार करने का आरोपी ठहराया गया था. कई अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने उसकी तत्काल रिहाई की मांग की है. साभार : प्रभात खबर





