: राहुल गांधी पर भारी पड़े रामदेव समर्थक : बांदा/नई दिल्ली । बुंदेलखंड में कांग्रेस की जड़ मजबूत करने के मकसद से दो दिन से लगातार जनसभाएं कर रहे कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी को गुरुवार को विरोध झेलना पड़ा। बबेरू कस्बे के जेपी शर्मा इंटर कालेज की जनसभा में राहुल करीब आठ मिनट तक ही बोले थे कि योग गुरु बाबा रामदेव के भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के करीब दर्जन भर समर्थक बैरीकेडिंग के पास 'काले धन पर बोलो, विदेशी धन वापस लाओ' के नारे लिखे बैनर उछालकर चिल्लाने लगे। इससे राहुल गांधी काफी खीझ गए और मंच से उतरकर चले गए।
बाबा के समर्थकों को पुलिस व एसपीजी ने घेरे में ले लिया। इससे सभा स्थल पर अफरातफरी मच गई। उधर, नई दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश के बांदा में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की चुनावी सभा के दौरान बाबा रामदेव के कथित समर्थकों के हंगामे पर कड़ा एतराज जताया है। पार्टी प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि सवाल राहुल गांधी की सुरक्षा में कोताही का भी है, जहां प्रदेश पुलिस की मौजूदगी के बावजूद शरारती तत्व वहां तक पहुंच गए और हंगामा किया। अल्वी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति या समुदाय यदि किसी दूसरे की बात या अभिव्यक्ति से सहमत नहीं है तो उसे अपनी बात मीडिया और अन्य जरिए से रखने का हक है। लेकिन किसी सभा में ऐसे शरारती तत्वों का हंगामा कतई नाकाबिले बर्दाश्त है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि राहुल की सुरक्षा में चूक कैसे हुई, जिससे शरारती तत्वों ने उनकी सभा में पहुंचकर हंगामा किया।
साभार : दैनिक जागरण





