: देवभूमि का अपना पहला न्यूज चैनल ‘हिमाचल आजकल’ : शिमला से हुआ शुभारंभ : देश-विदेश में देगा राज्य को नई पहचान : अब हिमाचल का भी अपना अलग न्यूज चैनल होगा। इसका नाम ‘हिमाचल आजकल’ रख गया है। चैनल का शुभारंभ 20 जनवरी को राजधानी शिमला में मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने किया। यह चैनल देश-विदेश में देवभूमि हिमाचल को नई पहचान देगा। प्रख्यात पत्रकार कृष्ण भानु इसके एडिटर-इन-चीफ हैं, जबकि प्रबंध निदेशक राजेश्वर सब्रवाल हैं। न्यूज चैनल का पूरे राज्य में व्यापक नेटवर्क स्थापित हो गया है। बेहत गरिमापूर्ण समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि चैनल प्रदेश के वीरभूमि से जुड़े पहलु को भी प्रमुखता से उजागर करेगा।
उन्होंने चैनल आरम्भ करने के लिए प्रबंधन की पीठ थपथपाई। उन्होंने चैनल को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह अनछुए पहलुओं को पूरे विश्व के सामने लाएगा और आम आदमी की आवाज बुलंद करेगा। धूमल ने कहा कि प्रदेश के विकास में लोगों की अहम भूमिका रही है। इसके चलते प्रदेश अनेक अवार्ड प्राप्त हुए है। हरेक क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास से संबंधित पक्ष को चैनल जरूर उठाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चैनल लोगों की भावनाओं का सम्मान करेगा और समाचारों की गुणवत्ता बरकरार रखेगा।
इस मौके पर दिशा चैनल के सीईओ माधवकांत मिश्र ने कहा कि नया चैनल सत्य का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाएगा। तारा बिजनेस ग्रुप द्वारा शुरू किए गए हिमाचल आजकल को दिशा चैनल के माध्यम से ही टेलीकास्ट किया जाएगा। समारोह में चैनल के एडिटर-इन-चीफ कृष्ण भानु ने कहा कि हिमाचल आजकल प्रदेश के केबल नेटवर्क के अलावा देश के लगभग सभी महत्वपूर्ण डीटीएच पर उपलब्ध होगा। डिश टीवी पर चैनल नें 757, वीडियोकॉन पर चैनल नम्बर 685, एयरटेल पर चैनल नम्बर 689 और टाटा स्काई पर चैनल नम्बर 184 पर हमारी खबरें देशभर में दिखेंगी। डायरेक्ट टीवी चैनल नम्बर 2005 पर विदेश में हमारा चैनल दिखेगा।
इस मौके पर चैनल के निदेशक राजेश्वर सब्रवाल, बागवानी मंत्री नरेन्द्र बरागटा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर, सांसद वीरेन्द्र कश्यप, लोक सेवा आयेाग के अध्यक्ष मेजर जनरल सीएम शर्मा, सेना प्रशिक्षण कमान के कमाण्डर चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ ले. जनरल राजेश्वर कोछड़, पुलिस महानिदेशक डी.एस. मन्हास समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

बिजेंदर शर्मा की रिपोर्ट.





