कानपुर। आचार संहिता के उल्लंघन पर केन्द्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री एवं आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला की कार से लाल बत्ती और हूटर नौबस्ता पुलिस ने उतरवा दिया। मामला बढ़ता देख केन्द्रीय मंत्री वहां से चले गए। बिना अनुमति लिए किया जा रहा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और रोड शो भी स्थगित कर दिया गया।
महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी धर्मराज सिंह चौहान ने शनिवार को काली पूजा चौराहा यशोदा नगर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। शनिवार दोपहर राज्यमंत्री की लाल बत्ती लगी कार हूटर बजाते जा रही थी तो महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर एके शुक्ला को किसी ने सूचना दे दी। उन्होंने नौबस्ता इंस्पेक्टर को लालबत्ती, हूटर हटवाने का आदेश दिया। जिसका अनुपालन इंस्पेक्टर ने करा दिया। रिटर्निंग आफिसर ने बताया कि केन्द्रीय राज्य मंत्री ने लालबत्ती और हूटर लगाकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। वह रोड शो करना चाह रहे थे, जिसकी अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद मंत्री कार्यक्रम स्थल से चले गए। मामले की रिपोर्ट नौबस्ता पुलिस से मांगी गई है। इसका अध्ययन करने के बाद रविवार को नोटिस भेजा जाएगा। आयोजकों की भूमिका भी देखी जाएगी। साभार : अमर उजाला






