इलाहाबाद में फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी की तरफ से आदर्श चुनाव आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। भारी भरकम जुलूस लोगों के बीच आश्चर्य व चर्चा का विषय बना रहा। जुलूस में साठ से ज्यादा चार पहिया वाहन और करीब दो सौ से ज्यादा लोग दो पहिया वाहनों में पार्टी झंडों के साथ शामिल रहे। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने जमकर नारेबाजी की। विधानसभा चुनाव में फाफामऊ से शेखर बहुगुणा कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
शेखर, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के भाई और राजनीति के नटवरलाल कहे जाने वाले हेमवती नंदन बहुगुणा के पुत्र हैं। 24 जनवरी को दोपहर डेढ़ बजे कांग्रेस प्रत्याशी ने रोडशो की शुरुआत की। नवाबगंज थाने से चंद कदम दूर स्थित पार्टी चुनाव कार्यालय से शुरू रोड शो में आदर्श चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ीं। लाउडस्पीकर बंधे डीसीएम ट्रक के खुले हिस्से में खुद प्रत्याशी सवार थे। उनके पीछे वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था। इस रोड शो के दौरान कुछ जागरूक लोगों ने एसडीएम सोरांव और पुलिस क्षेत्राधिकारी सोरांव को टेलीफोन पर सूचना भी दी। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग स्थित प्रमुख बाजार नवाबगंज से शुरू होकर रोड शो महेशगंज, उल्दा, बेरावां रोड, रेरूआ समेत कई बाजारों से होकर गुजरा। जत्थे में शामिल प्रत्याशी बहुगुणा ने मतदाताओं से वोट देने की अपील की। इस बारे में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने टेलीफोन पर बताया कि सूचना मिली थी, उसके बाद स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट को बता दिया गया था। स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि जुलूस को ट्रेस किया जा रहा है।
इलाहाबाद से वरिष्ठ पत्रकार शिवशंकर पाण्डेय की रिपोर्ट.





