लखनऊ से सूचना है कि 'माय सैंडल' नाम के नाटक को बसपा सरकार ने बैन कर दिया है. इस नाटक की नायिका का नाम माया है जो विदेशों से मंगाई गई जूती पहनती है और हाथी पालती है. हाथी सिर्फ सोने चांदी खाता है. इस नाटक को बैन किए जाने और नाटक के कथ्य के बारे में विस्तृत रिपोर्ट का प्रसारण एनडीटीवी इंडिया न्यूज चैनल पर किया गया है. इस रिपोर्ट को भेजा है एनडीटीवी के लखनऊ संवाददाता कमाल ख़ान ने. देश भर के लेखकों, कलाकारों, साहित्यकारों ने नाटक प्रतिबंधित किए जाने की निंदा की है और इसे बसपा सरकार का फासिस्ट कदम बताया है.
उल्लेखनीय है कि हाथी बहुजन समाज पार्टी का चुनाव चिन्ह है और इस पार्टी की आल इन आल मायावती हैं. मायावती के सैंडल की चर्चा विकीलीक्स में हो चुकी है. विकीलीक्स की रिपोर्ट में बताया गया था कि मायावती के स्पेशल सैंडल हवाई जहाज से लाए जाते हैं. मायावती ने यूपी में कई जगहों पर हाथी के बड़े बड़े प्रतीक लगवाएं हैं जिस पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं. कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी हाथी और सैंडल को चुनावी मुद्दा बनाते फिर रहे हैं. इस सबके बीच सैंडल को प्रतीक बनाकर और हाथी को प्रतीक बनाकर नाटक किए जाने की घटना की जानकारी मिलते ही मायावती ने नाटक को प्रतिबंधित कर दिया है.





