न्यूयॉर्क : सिखों के धार्मिक स्थल श्री दरबार साहिब यानी स्वर्ण मंदिर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नाराज भारतीय मूल के अमेरिकी रणदीप ढिल्लन ने अमेरिकी टीवी शो के प्रस्तोता जे लेनो के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। लेनो ने गत 19 जनवरी को एनबीसी चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम द टूनाइट शो के दौरान स्वर्ण मंदिर की तस्वीर दिखाई थी और इसे मिट रोमनी का संभावित समर होम बताया था। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल रोमनी एक अमीर बिजनेसमैन और राजनेता हैं। वह अपनी अकूत संपत्ति और टैक्स चोरी को लेकर विरोधियों के निशाने पर हैं।
ढिल्लन ने स्वर्ण मंदिर के संबंध में नस्लवादी टिप्पणी करने और सिखों का उपहास उड़ाने के लिए लॉस एंजिलिस सुपीरियर कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में कहा है कि लेनो की टिप्पणी से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। सेलिब्रिटी वेबसाइट टीएमजेड ने कहा है कि ढिल्लन ने मानहानि का मुकदमा किया है। याचिका में कहा गया है कि लेनो का मजाक साफ तौर पर सिखों का अपमान करता है। यह पहला मौका नहीं है, जब लेनो ने सिख समुदाय का उपहास किया है। वर्ष 2007 में उन्होंने सिखों को डाइपर हेड्स कहा था। ढिल्लन ने कहा है कि अब लेनो की नस्लवादी टिप्पणी पर रोक लगाए जाने की आवश्यकता है।
अमेरिकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने संघीय एजेंसी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) के पास लेनो और एनबीसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एफसीसी का काम टेलीविजन कार्यक्रमों के प्रसारण का नियमन करना है। एसएफजे ने प्रस्तोता और एनबीसी पर नस्लवाद फैलाने के लिए कार्रवाई की मांग की है। एसएफजे के कानूनी सलाहकार गुरपतवंत सिंह पन्नून ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की जानी चाहिए, लेकिन इसे किसी धर्म पर व्यंग्य करने का औजार नहीं बनाया जाना चाहिए। एसएफजे ने दो फरवरी को न्यूयॉर्क स्थित एनबीसी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन का एलान किया है। संगठन ने चैनल से लेनो को बर्खास्त करने की भी मांग की है। साभार : एजेंसी






