यूपी में विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग की सख्ती और पेड न्यूज को लेकर कड़ी निगरानी के कारण चोट्टे अखबारों ने पेड न्यूज करने का तौर-तरीका बदल लिया है. ताजी सूचना के मुताबिक गोरखपुर समेत कई सेंटर्स पर दैनिक जागरण और दैनिक हिंदुस्तान के मैनेजरों ने पोलिटिकल कैटगरी में एक स्पेशल चुनावी विज्ञापन पैकेज शुरू किया है. इसका घोषित रेट 18 रुपये प्रति कालम सेंटीमीटर रखा गया है और इसी हेट पर बिल भी प्रत्याशियों को दिया जा रहा है लेकिन टेबल के नीचे से इसके बदले 155 रुपये प्रति कालम सेंटीमीटर लिया जा रहा है.
मतलब, शासन प्रशासन को दिखाने के लिए 18 रुपये प्रति कालम सेंटीमीटर के हिसाब से बिल बाउचर दिया जा रहा है और लेकिन पैसे लिए जा रहे हैं 155 रुपये प्रति कालम सेंटीमीटर के हिसाब से. दैनिक जागरण से जुड़े विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मालिकों ने आदेश दे रखा है कि जागरण के एकाउंट में 18 रुपये प्रति कालम सेंटीमीटर के हिसाब से बने पैसे को ही जमा किया जाए. बाकी पैसे को एक अलग एकाउंट में डालने को कहा गया है जिसके बारे में कर्मियों को पता नहीं है कि ये किसका एकाउंट है.
सूत्रों के मुताबिक ये मालिकों के नियंत्रण वाले नंबर दो के एकाउंट है जिसमें पैसे जमा कराए जा रहे हैं. जागरण के बारे में वैसे भी कहा जाता है कि इसके अलग अलग क्षेत्रों के अलग अलग मालिकान निजी तौर पर पैसे अलग अलग तरीकों से कमाते रहते हैं. उधर, पेड न्यूज का एक अन्य फार्मेट भी सामने आया है जो हिंदुस्तान अखबार की तरफ से शुरू किया गया है. इसके मुताबिक डेढ़ लाख, ढाई लाख और आठ लाख रुपये के विज्ञापन के पैकेज प्रत्याशियों को दिए गए हैं. पर अघोषित रूप से प्रत्याशियों को यह भी कहा जा रहा है कि इस पैकेज में न्यूज हाइलाइट किया जाना भी शामिल है. अबकी यह पता नहीं चल पा रहा है कि अमर उजाला और अन्य अखबार चुनाव में किस तरीके से पैसे कमा रहे हैं. अगर आप यूपी में पत्रकारिता कर रहें हों तो इस बारे में कोई भी जानकारी हो तो भड़ास4मीडिया को [email protected] पर मेल कर दें. आपका नाम हर हाल में गोपनीय रखा जाएगा.





