न्यूज चैनल आजतक और हेडलाइंस टुडे द्वारा जालंधर के केंद्रीय हलके से कांग्रेस प्रत्याशी राजिंदर बेरी के खिलाफ किये गए स्टिंग आपरेशन के बाद विवाद खड़ा हो गया है. चैनल द्वारा किये गए स्टिंग आपरेशन में दावा किया गया था कि चैनल संवाददाता ने बेरी के चुनाव कार्यालय से एक पर्ची हासिल की है जिस पर बेरी के हस्ताक्षर हैं. चैनल ने अपने स्टिंग आपरेशन में दिखाया है कि बेरी के हस्ताक्षर वाली पर्ची देने के बाद उसके संवाददाता को शराब के ठेकेदार ने छह बोतल शराब दे दी. लेकिन इस पूरे स्टिंग में कहीं भी यह नहीं दिखाया गया कि जिस पर्ची के आधार पर शराब मिलने का दावा किया जा रहा है, वह पर्ची बेरी ने या उसके किसी समर्थक ने संवाददाता को दी है.
चैनल का चंडीगढ़ ब्यूरो चीफ खुद बेरी के कार्यालय के बाहर खड़ा हो कर यह दावा कर रहा है कि उसे यह पर्ची बेरी के कार्यालय से मिली है जबकि चैनल इस बात का प्रमाण अपने स्टिंग में देने में असफल रहा कि यह पर्ची उसे किसने दी है. इस पूरे मामले में कांग्रेस प्रत्याशी का नाम घसीटे जाने के बाद जालंधर केन्द्रीय हलके के तमाम कांग्रेस पार्षदों ने शुक्रवार को जालंधर में पत्रकार सम्मलेन कर के चैनल से इस पूरे मामले में माफ़ी मांगने अथवा कानूनी करवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है.
पार्षदों का आरोप है कि चैनल के स्थानीय संवाददाता परमजीत रंगपुरी ने भाजपा प्रत्याशी मनोरंजन कालिया के साथ मिल कर यह सारा खेल खेला है और इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्ट्रिंगर ने अपने ब्यूरो चीफ को भी अँधेरे में रखा. अब इस पूरे मामले में कांग्रेस के आक्रामक रुख के बाद स्थानीय संवाददाता परमजीत रंगपुरी अपने बचाव में सक्रिय हैं. यह पूरा मामला अब जालंधर की मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है. आज तक के स्टिंग आपरेशन के बाद चुनाव आयोग ने कांग्रेस प्रत्याशी राजिंदर बेरी के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है. यह मामला भी आजतक के जालंधर संवाददाता परमजीत सिंह रंगपुरी की शिकायत पर ही दर्ज हुआ है.
अब इस पर भी सवाल खड़ा हो रहा है कि रंगपुरी इस पूरे मामले में निष्पक्ष रहना चाहिए था, खुद पार्टी नहीं बन जाना था. इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद हेडलाइन टुडे ने इस स्टोरी को अपनी वेबसाइट से हटा दिया है और चैनल की यह स्टोरी अब वेबसाइट पर नहीं खुल रही जबकि चैनल ने अपनी खबर की इंपैक्ट वाली स्टोरी को चैनल की वेबसाइट पर बरकरार रखा है, जिसका लिंक यूं है–
http://headlinestoday.intoday.in/headlines_today/programme/punjab-assembly-elections-rajinder-berry-booze-for-ballot/1/170696.html





