: कई और भी हैं टाटा करने को तैयार : हरियाणा न्यूज के सीईओ संजय द्विवेदी ने संस्थान को अलविदा कह दिया है। वे पिछले करीब आठ साल से भी ज्यादा समय से चैनल के सीईओ के पद पर कार्यरत थे और चैनल को हरियाणा में नंबर वन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। चैनल छोड़ने के कारण का अभी पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि वे संस्थान में नए प्रबंधन की कार्यशैली से खुश नहीं थे।
इस चैनल में पिछले कुछ समय में बदलाव का दौर चल रहा है। हरियाणा के गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा के इस चैनल से जुड़ने के बाद से चैनल में कई तरह के बदलाव आए हैं और उन्हीं बदलाव के चलते पुराने कर्मचारियों और अधिकारियों को नए प्रबंधन की नीतियां रास नहीं आ रही हैं। हरियाणा में टीवी चैनल की पत्रकारिता में संजय द्विवेदी का अहम स्थान है। हरियाणा में सीईओ पद संभालने से पहले वे जैन टीवी में भी इसी प्रकार का कार्य कर चुके थे।
हरियाणा न्यूज की शुरुआत करीब साढ़े आठ साल पूर्व वर्ष 2003 में आधा घंटे के बुलेटिन के तौर पर हुई थी। उस समय हरियाणा न्यूज के चार बुलेटिन पंजाब टुडे चैनल पर प्रसारित होते थे। करीब ढाई-तीन साल बाद यह बुलेटिन संपूर्ण चैनल के रूप में अस्तित्व में आ गया। हरियाणा न्यूज का स्वामित्व जेके जैन के पास था। लेकिन करीब छह माह पूर्व जेके जैन ने चैनल को हरियाणा के गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को बेच दिया। अब सारा प्रबंधन उन्हीं के जिम्मे है। वहीं, एक ओर खबर भी इसी चैनल से आ रही है कि कई रिपोर्टर और डेस्क कर्मी भी चैनल को टाटा करने के लिए तैयार हैं।
रोहतक से दीपक खोखर की रिपोर्ट.





