बगहा : गुरुवार की शाम भितहां थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव में पत्रकार महेन्द्र सहनी के घर उनके परिजनों पर जानलेवा हमला किया गया। जिसमें उनके पिता, भाई व पत्नी बुरी तरह जख्मी हो गए। जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम उक्त पत्रकार अपने दरवाजे पर थे। तभी कुछ असामाजिक लोग घर पर चढ़ गए और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला बोल दिया। इतना ही नहीं जब सभी परिवार घर में छिप गए तो उनके घर पर पथराव कर तोड़फोड़ भी किया। जिसकी जानकारी मिलने के बाद भितहां पुलिस पहुंची तब जाकर लोगों की जान बची।
मामले में भितहां थानाध्यक्ष शहनवाज रिजवी ने बताया कि घायलों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इधर शुक्रवार को नारायणी प्रेस क्लब की एक आपात बैठक बगहा अनुमंडल के दुर्गा मंदिर में हुई जिसमें संघ ने पत्रकार के घर पर हुए हमला की निंदा करते हुए घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने की मांग पुलिस पदाधिकारियों से करने पर बल दिया गया। (जागरण)





