नई दिल्ली| मशहूर खेल पत्रकार रघुनाथ राव का लम्बी बीमारी के बाद गुरुवार शाम निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। राव को कुछ दिनों पहले ही राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी अंत्येष्टि शुक्रवार को सुबह 11 बजे निगमबोध घाट के विद्युत शवदाह गृह में की जाएगी। राव ने अपने पत्रकार जीवन की शुरुआत 1966 में 'टाइम्स ऑफ इंडिया' से की थी, 1976 में वह 'स्टेट्समैन' में चले गए। 1989 में वह 'संडे मेल' के लिए काम करने लगे। 1990 की शुरुआत में उन्होंने स्वतंत्र पत्रकारिता शुरू की थी। अपने परिवार में वह पत्नी रत्ना और बेटी रेवती को छोड़ गए हैं।
पंजाबी के वरिष्ठ लेखक एवं आकाशवाणी के पूर्व निदेशक करतार सिंह दुग्गल का गुरुवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 94 साल के थे। पंजाबी के सुप्रसिद्ध कथाकार दुग्गल को पिछले सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुग्गल आकाशवाणी जालंधर के संस्थापक निदेशक थे और आकाशवाणी से ही सेवानिवृत्त हुए थे। दुग्गल ने पंजाबी में कथाओं सहित उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी में रचना की। उन्हें पद्म भूषण और साहित्य अकादमी से भी सम्मानित किया गया। उनकी कई किताबों को विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में शामिल किया गया है और कई भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया है। उनके परिवार में पत्नी आयशा और एक बेटा है।





