पटना में राष्ट्रीय दैनिक पायनियर के असिस्टेंट एडिटर अमरनाथ तिवारी के उपर कुछ अराजक तत्वों ने जानलेवा हमला किया है. तिवारी पर यह हमला उस समय किया गया जब वे अपने राजेंद्र नगर स्थित चारमीनार अपार्टमेंट में पौधों को पानी दे रहे थे. गंभीर रूप से घायल तिवारी को उनके परिजनों ने तत्काल पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस मामले में एक भाजपा नेता के पुत्र समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ कदमकुंआ थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि तिवारी पर डंडे और रॉड से हमला किया गया है. पुलिस को आशंका है कि उन पर हमला अपार्टमेंट से संबंधित विवाद की वजह से किया गया है. इधर, तिवारी का कहना है कि अपार्टमेंट में रहने वाली एक बड़ी संख्या अपार्टमेंट कमेटी के खिलाफ है और सचिव को हटाना चाहती है. इसी के चलते तिवारी पर हमला हमला किया गया. अमरनाथ तिवारी पर हुए इस हमले की बिहार की कई राजनीतिक पार्टिंयों ने निंदा की है.






