उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं जनपद फिरोजाबाद से निर्दलीय विधायक अशोक यादव, जो सिरसागंज से जदयू क़ी सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं, ने एक पत्रकार से अभद्रता की तथा उसे धमकी भी दिया. इसके चलते फिरोजाबाद के पत्रकारों में नाराजगी है. बताया जा रहा है कि 27 जनवरी को अशोक यादव अपने चुनाव का प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान उनके क्षेत्र के नगला कांस गाँव के पूर्व प्रधान ने उनसे पूछ लिया कि विधायक जी पिछले पांच सालों में आप कहां थे, आपने तो इस गाँव में एक डलिया मट्टी तक नहीं डलवाई अब किस हैसियत से चुनाव में वोट मांग रहे हैं, तो बताया जाता है कि पूर्व मंत्री जी को गुस्सा आ गया और उन्होंने उस पूर्व ग्राम प्रधान से अभद्रता कर दी.
उस समय एक पत्रकार ने इस घटना का कवरेज भी किया, पर उसको मैनेज कर लिया गया लेकिन जी न्यूज़ उत्तर प्रदेश के पत्रकार परमेन्द्र सिंह यादव, जो शिकोहाबाद से स्ट्रिंगर हैं, ने मंत्री जी से उस घटना के बारे में पूछ लिया तो विधायक जी आग बबूला हो गए और उस पत्रकार को गालियां दी. साथ ही चुनाव के बाद देख लेने की धमकी भी दी. इस घटना के बारे में बताए जाने के बावजूद चैनल के पधाधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं, लेकिन इस तरह से एक नेता द्वारा एक पत्रकार के बारे में बोले जाने से जनपद के पत्रकारों में गुस्सा भरा है.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






