मुंबई : यहाँ हो रहे महानगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का एक ऐसा भी उम्मीदवार चुनाव मैदान में होगा, जो पत्रकार का हमलावर रहा है. इस भावी उम्मीदवार के खिलाफ मुंबई पुलिस में मामला दर्ज है. हालाँकि इसकी उम्मीदवारी के खिलाफ कांग्रेस का ही एक घटक मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह से लेकर सोनिया गाँधी तक आवाज उठा रहा है, लेकिन मुंबई कांग्रेस है कि उसे एक बार फिर से उम्मीदवार बनाने पर अमादा है.
मुंबई कांग्रेस भौमसिंह राठौड़ नाम के इस उम्मीदवार को वार्ड ३५ से उम्मीदवार बना कर पत्रकारों के प्रति अपना असली रूप दिखाना चाहती है. यूपी चुनाव में भले ही कांग्रेस के युवराज राहुल गाँधी को मीडिया की जरुरत हो, लेकिन मुंबई कांग्रेस पत्रकार के इस हमलावर को चुनाव मैदान में उतारकर यह साफ़ कर देना चाहती है कि उसे मुंबई में पत्रकारों की कोई जरुरत नहीं है. हो सकता है कि यह भी दिखाने की कोशिश हो कि हमारे पास उम्मीदवार के रूप में एक ऐसा दबंग मौजूद है, जो समय आने पर आगे भी किसी पत्रकार की हड्डी चटका सकता है.
भौमसिंह राठौड़ ने १७ फरवरी २००७ में अपने वार्ड के मालाड (पूर्व) स्थित गाँधी नगर बस्ती में आयोजित एक सम्मान समारोह में सांध्य दैनिक निर्भय पथिक के संवाददाता दीनानाथ तिवारी पर इसलिए हमला कर घायल कर दिया था कि वह उनसे उनकी इच्छा के खिलाफ सवाल कर दिया था. अब यही व्यक्ति एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतरने जा रहा है. कांग्रेस के नगरसेवक रहे भौमसिंह राठौड़ के लड़के पर भी दलित बस्ती में घुसकर आत्मघाती हमला करने का संगीन आरोप है.
इस नेता से पत्रकार ही नहीं स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी दुखी हैं. इसने पिछले गणेश उत्सव में अपने ही दल के कार्यकर्ताओ द्वारा लगाये गए अभिनन्दन बैनर को तोड़कर फेंक दिया था. इस मामले की भी लिखित जानकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गाँधी तक भिजवाया था. इसके बावजूद मुंबई कांग्रेस भौमसिंह राठौड़ को उम्मीदवार बनाने जा रही है.
मुंबई से विजय यादव की रिपोर्ट.






