देहरादून से खबर है कि न्यूज चैनल वायस आफ नेशन पर भीड़ के एक झुंड ने धावा बोलकर तोड़फोड़ की है. यह घटना बीती शाम दस बजे के आसपास की है. पता चला है कि वायस आफ नेशन चैनल पर किसी भाजपा नेता के बारे में कोई खबर चल रही थी. उसी दौरान कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए चैनल के आफिस पर हमला कर दिया. भीड़ ने तोड़फोड़ की. भीड़ की तरफ से पेट्रोल बम भी फोड़े जाने की खबर है.
उधर, कुछ लोगों का कहना है कि चैनल पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से जुड़ी पांच छह नकारात्मक खबरें दिखाई गई. एक लड़की को स्टूडियो में बिठाकर निशंक द्वारा उसके यौन शोषण की कथा का प्रसारण किया गया. इसी दौरान निशंक के लोगों ने खबरों के खिलाफ गुस्सा जताते हुए चैनल के आफिस में घुसकर तोड़फोड़ की. ज्ञात हो कि इस चैनल वायस आफ नेशन का प्रसारण निशंक के कार्यकाल में कई बार रुका. चैनल के मालिक मनीष वर्मा को कांग्रेस नेता नारायण दत्त तिवारी का करीबी बताया जाता है. देहरादून के कई पत्रकारों ने चैनल के आफिस पर हमला करने जैसी घटना को निंदनीय करार दिया है.






