सहारा समय चैनल के एसएनबी हेड (टीवी) मनोज दुबे को सहारा मीडिया से हटाए जाने की सूचना मिली है. बताया जाता है कि मनोज दुबे सहारा मीडिया के हेड स्वतंत्र मिश्रा के करीबी थे. सूत्रों के मुताबिक मनोज को सहारा से हटाए जाने की सूचना मेल के जरिए जारी कर दी गई है और नोटिस बोर्डों पर चस्पा कर दी गई है.
सहारा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मनोज दुबे एक बार पहले सहारा से इस्तीफा दे चुके थे. उन पर राष्ट्रीय सहारा के संपादक रणविजय सिंह के साथ दुर्व्यवहार का आरोप था. स्वतंत्र मिश्रा जब सहारा मीडिया के हेड बने तो वे मनोज को दुबारा ग्रुप में ले आए. मनोज दुबे कानपुर के ब्यूरोचीफ रहे हैं और यूपी प्रशासन के अधिकारियों में अच्छी पैठ वाले माने जाते हैं. इसी दावे के आधार पर स्वतंत्र मिश्रा ने मनोज दुबे की नियुक्ति कराई थी. मनोज दुबे के जाने की खबर से स्वतंत्र मिश्रा और उनके खास लोगों की टीम में खलबली का माहौल बताया जाता है.





