1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अमिताभ, जिन्होंने पूर्व में सितम्बर 2011 में आईपीएस एसोशियेशन से इस्तीफा दे दिया था, ने आज प्रमुख सचिव (गृह, उत्तर प्रदेश को एक बार पुनः उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न रैंकों के समस्त पुलिस कर्मियों के लिए ऐकिक पुलिस एसोशियेशन बनाए जाने के लिए पत्र प्रेषित किया है. उन्होंने यह पत्र आयुक्त, बस्ती एवं एसपी, सिद्धार्थनगर के बीच हुए विवाद के बाद आईपीएस एसोशियेशन द्वारा उठाये गए कदम एवं कई आईपीएस अधिकारियों द्वारा पद से इस्तीफा देने की मांग के सन्दर्भ में लिखा है.
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि यद्यपि आपीएस एसोशियेशन का किसी मुद्दे पर एक साथ आना और उसके अधिकारियों का एसपी, सिद्धार्थनगर के साथ हुए दुर्व्यवहार के विषय में इस्तीफा देने की बात कहना स्वागतयोग्य है पर एक तो यह कदम बहुत देरी से लिया गया है. दूसरे यह आईपीएस अधिकारियों द्वारा मात्र अपने हितों के लिए सोचने वाली बात है. इस तरह की समस्याएं पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस में प्रत्येक रैंक के पुलिस अधिकारियों के साथ आये दिन होती रहती हैं. अतः आज आवश्यकता इस बात की है कि मात्र आईपीएस अधिकारियों के हित की बात नहीं सोच कर पूरे पुलिस बल के हितों की रक्षा की बात सोची जाए.
अमिताभ ने पत्र में लिखा है कि बदलते परिदृश्य में बेहतर पुलिसिंग के लिए यह आवश्यकता दिखती है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न रैंकों के पुलिस कर्मी सामाजिक और अनौपचारिक प्लेटफोर्म पर एक साथ आयें और उनके मध्य मानसिक, सामाजिक और व्यवहार के स्तर पर नियमित सहभागिता बने. उनके अनुसार इस प्रकार के ऐकिक पुलिस एसोशियेशन से वर्तमान में व्याप्त पावर-डिस्टेंस (शक्ति-विभेद) में व्यापक कमी आएगी एवं परस्पर बेहतर तालमेल और बंधुत्व का विकास होगा.






