नकोदर। स्थानीय पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारण करने वाले चैनल सब टीवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला पुलिस ने भगवान वाल्मीकि सर्व सेवा दल के प्रधान रोनी गिल की शिकायत पर दर्ज किया है। थाना सदर नकोदर के प्रभारी हरप्रीत सिंह ने मामला दर्ज को करने की पुष्टि की है।
भगवान वाल्मीकि सर्व सेवा दल के प्रधान रोनी गिल ने पुलिस को दी शिकायत में सब टीवी पर आरोप लगाया है कि इस चैनल पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक लापतागंज में 27 जनवरी को भगवान वाल्मीकि के संबंध में आपत्तिजनक शब्दावली का प्रयोग किया गया है। इससे वाल्मीकि समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और वाल्मीकि समाज कभी भी यह सहन नहीं कर सकता। उन्होंने पुलिस को टीवी चैनल की मैनेजमेंट, सीरियल के डायरेक्टर, लेखक, कलाकारों और सेंसर बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीवी चैनल के मैनेजमेंट, सीरियल के डायरेक्टर, लेखक, कलाकारों और सेंसर बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। इस जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जांच रिपोर्ट में वाल्मीकि समाज के आरोप को सही पाया गया तो सभी लोगों के खिलाफ कानून की न्यायसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि इस घटना पर सब टीवी ने चैनल पर पट्टी चलाकर खेद प्रकट किया है।





