नई दिल्ली। पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव में पेड न्यूज की शिकायतों का हवाला देते हुए भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति मार्कन्डेय काटजू ने सभी मीडिया कर्मियों, उम्मीदवारों और चुनाव अधिकारियों को आगाह किया यदि वे कदाचार में संलिप्त पाये गये तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जस्टिस काटजू का यह बयान विधानसभा चुनावों में पेड न्यूज की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आया है।
काटजू ने अपने एक बयान में कहा कि मुझे कई वर्गों से यह शिकायतें मिल रही हैं कि पांच राज्यों में चल रहे चुनावों में पेड न्यूज का काफी व्यापक कदाचार हो रहा है। उन्होंने ने कहा, ”सभी मीडिया कर्मियों, उम्मीदवारों और चुनाव अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गयी है कि इस कदाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। यह कदाचार लोकतंत्र के लिए धब्बा है।'' उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश ने कहा कि पेड न्यूज की समस्या एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए खतरा है और इससे लोकतंत्र की नींव कमजोर होती है। इसके कारण लोगों का मीडिया में भरोसा कम हो जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि इसे निर्ममता से नहीं समाप्त किया गया तो यह देश के संसदीय लोकतंत्र को भारी क्षति पहुंचायेगा। जस्टिस काटजू ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि चुनाव आयोग ने जिला स्तर पर मीडिया निगरानी समितियां गठित कर दी हैं। इससे पेड न्यूज पर अंकुश लगाने में काफी हद तक मदद मिली है। प्रेस परिषद प्रमुख ने कहा, ”हम ऐसी समितियों से अनुरोध करते हैं कि वह पेड न्यूज के संदिग्ध मामलों पर कड़ी निगाह रखें और संबंद्ध चुनाव आयोग अधिकारियों के साथ साथ प्रेस परिषद को भी तुरंत सूचित करें।''





