अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अपनी आधिकारिक वेबसाइट शुरू करने वाले बॉलीवुड कलाकारों में शामिल हो गई हैं। माधुरी से पहले रितिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा, गुल पनाग जैसे कलाकारों की अपनी आधिकारिक वेबसाइट मौजूद हैं। हालांकि तकनीकी खामियों के चलते फिलहाल यह वेबसाइट खुल नहीं रही है।
माधुरी की वेबसाइट पर उनकी एक तस्वीर दिखती है, जिसमें वे काले रंग के कपड़े पहने हुए हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि माधुरी दीक्षित की आधिकारिक वेबसाइट शुरू हो चुकी है, आप अब जुड़ सकते हैं। आप लोगों से कुछ सुनने की उम्मीद कर रही हूं। माधुरी ने लिखा कि यह वेबसाइट ‘माधुरी दीक्षित नेने डाट काम’ है। माधुरी इस वेबसाइट को बेहतर बनाने के प्रयास में इस पर कुछ दिलचस्प सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं। (एजेंसी)





