अपने चुनाव क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ हाथापाई करने के आरोप में अजनाला ग्रामीण क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ रहे शिरोमणि अकाली दल विधायक अमरपाल सिंह बोनी के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया। अमृतसर एसएसपी सुरिन्दर पाल सिंह परमार ने बताया कि बोनी ने चुनाव की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार सुखदेव सिंह के साथ कथित रूप से हाथापाई की।
परमार ने बताया कि सुखदेव समाचार संकलन कर रहे थे और उनके पास चुनाव आयोग से जारी इजाजतनामा था। उल्लेखनीय है कि बोनी इसके पहले भी विवादों में फंस चुके हैं। एक बार उन्होंने वाल्मीकि समाज पर भी अशोभनीय टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद उन्हें माफी मांगना पड़ा था।





