बसपा अध्यक्ष एवं यूपी की मुख्यमंत्री मायावती ने इंडिया टीवी के स्टिंग आपरेशन में फंसे पार्टी प्रत्याशी नाहिद मुनव्वर हसन का टिकट काट दिया. बसपा के सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मायावती ने स्टिंग आपरेशन के मामले को गम्भीरता से लेते हुए हसन का टिकट काटने जैसा सख्त कदम उठाया तथा उनके स्थान पर शगुफ्ता खान को गंगोह क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है. गौरतलब है कि स्टिंग आपरेशन में हसन समेत 11 प्रत्याशियों को कारपोरेट घरानों से रिश्वत मांगते हुए दिखाया गया था.
चुनाव आयोग के आदेश पर इन सभी 11 उम्मीदवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. बताया जा रहा है कि मायावती ने अपने प्रत्याशियों से साफ ताकीद की है कि ऐसे मामले में लिप्त पाए जाने वालों को वो बर्दाश्त नहीं करेंगी. उन्होंने चुनाव आयोग से यह अपेक्षा भी की कि अन्य राजनीतिक दलों के जो प्रत्याशी उस स्टिंग आपरेशन में फंसे हैं उनके खिलाफ भी उनकी पार्टियों को तत्काल इसी प्रकार के कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिये जाने चाहिये. हालांकि आयोग ने इस मामले में किसी तरह का निर्देश देने से इनकार कर दिया है.





