उन्नाव जिले के मोहान विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक राधेलाल रावत ने बुधवार को जहरीला प्रदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। रावत ने अपने गांव दयालपुर स्थित घर में जहरीला पदार्थ खा लिया, हालत बिगड़ने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि पार्टी टिकट कटने की वजह से उसने यह कदम उठाया। रावत की जगह बसपा के राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश रावत को टिकट देने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी अभी घोषणा नहीं हुई है।
कांग्रेस के तीन एवं भाजपा के एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज : पूर्वांचल की कई सीटों पर कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों का पर्चा खारिज हो गया है। सोनभद्र के दुद्धी से कांग्रेस प्रत्याशी विजय सिंह गोंड, जौनपुर में कांग्रेस के दो तथा भाजपा के एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज हो गया। इन दलों के अलावा भी निर्दलीय एवं अन्य दूसरे दलों के प्रत्याशियों का पर्चा भी निरस्त हुआ है। जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर सीट से बीएल वर्मा व चक्रपाणि पांडेय ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल किया था, दोनों लोगों का पर्चा निरस्त कर दिया गया है। श्री वर्मा का पर्चा निरस्त होने के पीछे उनका सरकारी सेवा से त्याग पत्र स्वीकार न होना बताया जा रहा है. जौनपुर की मल्हनी सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद यादव का पर्चा निरस्त हो गया है। प्रमोद यादव द्वारा पार्टी चुनाव चिन्ह के नमूने की छाया प्रति जमा करने व जमानत राशि दूसरे मद में दाखिल किए जाने के कारण पर्चा निरस्त किया गया है।
सपा ने दो प्रत्याशी बदले : सपा ने अपने दो सीटों पर प्रत्याशी बदल दिया है। मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली विधानसभा सीट से प्रत्याशी श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी का टिकट काटकर उनके स्थान पर राशिद सिद्दीकी को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि बडौत विधानसभा से घोषित प्रत्याशी पहलवान शोकेन्द्र तोमर का टिकट काटते हुए रालोद के विधायक डा. अजय कुमार को प्रत्याशी घोषित किया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा विधानसभा क्षेत्र-15 खतौली से श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी का टिकट काटते हुए सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
बसपा प्रत्याशी पर धार्मिक उन्माद फैलाने का मुकदमा : गाजीपुर से खबर है कि मुहम्मदाबाद सीट से बसपा प्रत्याशी विनोद राय सहित चार लोगों पर धार्मिक व जातिगत उनमाद फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बने उड़न दस्ते के प्रभारी सुदर्शन मौर्य की शिकायत पर कल देर रात भांवरकोल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उड़न दस्ते ने वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली जिसमें बलिया निवासी तीन लोग बीएसपी प्रत्याशी विनोद राय के चुनाव प्रचार में लगे थे। वाहन से बरामद सामग्री से धार्मिक व जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले पम्पलेट भारी मात्रा में बरामद हुए। जांच के बाद बीएसपी प्रत्याशी सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया।





