: स्टिंग ऑपरेशन मामला : मुजफ्फरनगर : इंडिया टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में फंसे नेताओं ने आज चैनल के सम्पादक, रिपोर्टर व फोटोग्राफर के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज करा दिया है। ज्ञातव्य है कि तीन दिन पूर्व इंडिया टीवी न्यूज चैनल पर विधानसभा चुनाव लड़ रहे ग्यारह प्रत्याशियों का स्टिंग आपरेशन प्रसारित किया गया था। इस स्टिंग ऑपरेशन के प्रसारण से राजनीतिक हलकों में हड़कम्प मच गया था। निर्वाचन आयोग ने भी पूरे मामले को गम्भीरता से लेते हुए स्टिंग में पैसा मांगते पाए गए सभी ग्यारह प्रत्याशियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिये थे।
इस मामले में अभी जांच की कार्रवाई चल रही है। इसी बीच आज स्टिंग ऑपरेशन में फंसे पूर्व मंत्री व शामली से सपा प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह ने अपने अधिवक्ता दुष्यंत सिंह के माध्यम से सीजेएम कोर्ट में धारा 156/3 के अंतर्गत टीवी चैनल के सम्पादक रजत शर्मा, रिपोर्टर व फोटोग्राफर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने बताया कि कोर्ट ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट तलब कर ली है। इनपुट : आरटी






